




2026-11-14 17:09:25
भारत में त्योहारों की शुरूआत हजारों साल पहले कृषि और ऋतुओं के परिवर्तन के साथ हुई थी। त्योहारों का जन्म किसी एक स्थान पर नहीं हुआ, बल्कि दुनिया की शुरूआती मानव सभ्यताओं जैसे मेसोपोटामिया, मिस्र, सिंधु घाटी और चीन में अलग-अलग समय पर प्रकृति का आभार प्रकट करने के लिए हुआ था। त्योहारों के उद्भव और विकास को इस प्रकार समझा जा सकता है, जब प्राचीन मानव ने खेती करना शुरू किया, तो फसल की बुवाई और कटाई के समय को उत्सव के रूप में मनाया जाने लगा। अच्छी फसल की कामना और प्रकृति (सूर्य, वर्षा, पृथ्वी) के प्रति आभार जताने के लिए सामूहिक आयोजन होते थे। लोग सूरज और चांद की चाल पर निर्भर थे। संक्रांति, विषुव, पूर्णिमा और अमावस्या जैसे खगोलीय बदलावों को चिह्नित करने के लिए उत्सव मनाए जाते थे। भारत में त्योहारों की जड़ें सिंधु घाटी सभ्यता (लगभग 1500-500 ईसा पूर्व) में मिलती हैं। समय के साथ-साथ समाज संगठित हुआ और इन मौसमी उत्सवों में देवी-देवताओं की पूजा, महापुरुषों की जन्मतिथि और ऐतिहासिक विजयों की कहानियां जुड़ती चली गईं। इन सभी त्योहारों का रूप आज पूरी तरह से परिवर्तित हो चुका है। वर्तमान समय में इन त्योहारों को ब्राह्मण व वैश्य गठजोड़ ने पूरी तरह से अपनी आर्थिक समृद्धि के लिए अपनी ओर मोड लिया है। आज जिस व्यक्ति की जेब से पैसा निकल रहा है या निकाला जा रहा है उसकी आर्थिक रूप में हार हो रही है और जिस व्यक्ति की जेब में यह पैसा जा रहा है उसकी जीत हो रही है। तकनीकी कामगार समाज की जेब से पैसा निकलकर वैश्यों (बनियों) की जेब में जा रहा है, इस प्रकार से वैश्यों की जीत हो रही है और अन्य तकनीकी कामगार समाज की हार हो रही है। उन पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में महंगाई चरम पर है जिसका असहनीय दबाव तकनीकी कामगार समाज के ऊपर पड़ रहा है, जो निरंतर बढ़ता जा रहा है। भारत में हजारों की संख्या में त्यौहार बनाने की अंधी परंपरा जारी है। त्यौहार मनाने का चलन और उसकी उत्सुकता तकनीकी कामगार समाज में अधिक देखने को मिलती है। चूंकि उनमें होड की प्रवृति आधुनिक प्रचार-प्रसार तकनीक ने अधिक बढ़ा दी है। भारत का तकनीकी कामगार समाज अपने बुद्धिबल और तर्क आधारित आंकलन न करके पुरोहितों द्वारा बताए गए रास्ते पर चलता है, जो उसके आर्थिक विनाश का कारण है।
भारतीय समाज में त्योहारों, परंपराओं और समाज पर पड़ते उनके प्रभाव को लेकर अलग-अलग दृष्टिकोण है। कुछ समाज सुधारक और विचारक इसे आर्थिक व सामाजिक पिछड़ेपन का कारण मानते हैं, जबकि अन्य इसे सांस्कृतिक जुड़ाव और सामुदायिक एकता का हिस्सा बताते है। कई बहुजन विचारकों और अर्थशास्त्रियों का मानना है कि खर्चीले रीति-रिवाजों और अनुष्ठानों के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार त्योहारों को मनाने के कर्ज के जाल में फंस जाते हैं। यही पैसा उनके द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार में लगाया जा सकता है। डॉ. बी.आर. अंबेडकर, ज्योतिराव फुले और पेरियार जैसे समाज सुधारकों ने हमेशा तर्क और विज्ञान को बढ़ावा दिया। उनके अनुयायियों का मानना है कि बिना सोचे-समझे रूढ़ियों का पालन करना ऐसे व्यक्तियों में मानसिक गुलामी को बढ़ावा देता है। साल भर चलने वाले तमाम व्रत और त्योहारों में उलझने से तकनीकी कामगार समाज का ध्यान उनके संवैधानिक अधिकारों, रोजगार और नीतिगत मुद्दों से भटक जाता है।
कई समाजशास्त्रियों और पारंपरिक विचारकों का मानना है कि त्योहार मनुवादी-ब्राह्मणवादी संस्कृति वालों को छोड़कर लोगों को एक साथ लाते हैं और सामाजिक मेलजोल बढ़ाते हैं। इससे कठिन जीवन में मानसिक शांति और खुशी मिलती है। ग्रामीण और आदिवासी समाजों में कई पर्व प्रकृति, फसल और स्थानीय पूर्वजों के सम्मान से जुड़े होते हैं। इन्हें अपनी जड़ों और इतिहास से जुड़े रहने का माध्यम माना जाता है। पारंपरिक मान्यताओं के समर्थकों का तर्क है कि त्योहारों से छोटे कारीगरों, कुम्हारों, बुनकरों और स्थानीय व्यापारियों को रोजगार और आमदनी का जरिया मिलता है। आजकल बहुजन समाज का एक बड़ा वर्ग पारंपरिक कर्मकांडों के बजाय बुद्ध पूर्णिमा, अंबेडकर जयंती, फुले जयंती और संविधान दिवस जैसे अवसरों को मनाने पर जोर देता है। सामाजिक संगठनों द्वारा यह अपील की जाती है कि त्योहारों को दिखावे के बजाय सादगी से मनाया जाए और बचत का उपयोग बच्चों की पढ़ाई व अपने कामधंधे बढ़ाने के लिए किया जाए। बहुजन महापुरुषों जैसे ज्योतिराव फुले, पेरियार ई.वी. रामासामी और डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने प्रचलित कर्मकांडों, अंधविश्वासों और खचीर्ले त्योहारों पर गहन आलोचनात्मक विचार रखे हैं। इन सुधारकों ने तर्कवाद, शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को अपनाने का आह्वान किया, जबकि पारंपरिक दृष्टिकोण रखने वाले विद्वान इन उत्सवों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक निरंतरता से जोड़कर देखते हैं।
अपनी पुस्तक ‘गुलामगिरी’ और ‘किसान का कोड़ा’ में ज्योतिराव फुले ने लिखा कि धार्मिक अनुष्ठानों और त्योहारों के नाम पर गरीब किसानों व मजदूरों की गाढ़ी कमाई खर्च करवाई जाती है। उनके अनुसार, इससे मेहनतकश वर्ग कामगार तकनीकी समाज लगातार कर्ज के बोझ तले दबता जाता है। फुले का मानना था कि पारंपरिक रीति-रिवाजों में उलझे रहने के कारण समाज अज्ञानता में फंसा रहता है। उन्होंने पूजा-पाठ और कर्मकांडों पर होने वाले खर्च को बचाकर बच्चों की शिक्षा पर लगाने की वकालत की। डॉ. अंबेडकर ने अपने भाषणों और लेखों में इस बात पर बल दिया कि समाज की प्रगति के लिए अंधविश्वास और भाग्यवाद को छोड़ना आवश्यक है। 1956 में बौद्ध धम्म की दीक्षा लेते समय उन्होंने जो 22 प्रतिज्ञाएं दिलाईं, उनमें पारंपरिक कर्मकांडों और अंधविश्वासों को त्यागने की बात शामिल थी। अंबेडकरवादी विचारकों के अनुसार, बाबासाहेब का मानना था कि वंचित समाज को अपनी ऊर्जा उत्सवों और रूढ़ियों के बजाय शिक्षा, संगठन, संघर्ष और संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति में लगानी चाहिए।
पेरियार ने अपने आत्मसम्मान आंदोलन के माध्यम से उन सभी परंपराओं और त्योहारों का विरोध किया जो उनके अनुसार अतार्किक थे या सामाजिक असमानता को बढ़ावा देते थे। पेरियार का कहना था कि त्योहारों के नाम पर होने वाली फिजूलखर्ची से आम आदमी गरीब होता है। उन्होंने लोगों को विज्ञान और तर्क की कसौटी पर हर परंपरा को परखने की सलाह दी। मध्यकालीन भक्ति आंदोलन के संतों, विशेषकर कबीर और रविदास ने बाहरी दिखावे, मूर्तिपूजा और खचीर्ले अनुष्ठानों की कड़ी आलोचना की। इन संतों ने किसी विशेष कर्मकांड के बजाय सादगी, नैतिक आचरण, श्रम के सम्मान और मानवीय समानता को ही सच्चा धर्म बताया। दूसरी ओर, कई इतिहासकारों और पारंपरिक विद्वानों का मानना है कि भारतीय त्योहारों का मूल उद्देश्य ऋतु परिवर्तन, फसल कटाई और सामूहिक खुशियों को साझा करना रहा है। उनके अनुसार, ये पर्व समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ लाने और लोक कलाओं को जीवित रखने में सहायक होते हैं।
वर्तमान समय में त्योहारों के बदलते स्वरूप और बहुजन समाज पर इसके प्रभाव को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं और अर्थशास्त्रियों के बीच गंभीर चर्चा होती है। आलोचकों का मानना है कि आज के दौर में बाजारवाद और मीडिया के जरिए परंपराओं को एक नए रूप में पेश किया जा रहा है, जबकि पारंपरिक दृष्टिकोण इसे आर्थिक विकास और आधुनिकता से जोड़कर देखता है।
सामाजिक विश्लेषकों के अनुसार, बड़ी कंपनियां और विज्ञापन त्योहारों को खरीदारी से जोड़ देते हैं। इससे कम आय वाले बहुजन परिवार भी सामाजिक दबाव और दिखावे में आकर कर्ज लेकर महंगे सामान खरीदते हैं। आलोचकों का कहना है कि टेलीविजन और सोशल मीडिया के जरिए अंधविश्वास और चमत्कार से जुड़ी कहानियों को बढ़ावा दिया जाता है। इससे समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के बजाय भाग्यवादी सोच मजबूत होती है। बहुजन विचारकों का तर्क है कि त्योहारों के आयोजन और सजावट में सबसे अधिक श्रम वंचित वर्ग के लोग करते हैं, लेकिन उन्हें इसका उचित आर्थिक लाभ या सामाजिक सम्मान नहीं मिल पाता। सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार, साल भर चलने वाले धार्मिक आयोजनों, यात्राओं और उत्सवों में युवाओं की ऊर्जा खर्च होने से शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और आरक्षण जैसे बुनियादी मुद्दों पर चर्चा पीछे छूट जाती है। शायद असल मुद्दों से भटकाने के लिए यह सब ड्रामा किया जाता है।
अर्थशास्त्रियों के एक वर्ग का मानना है कि त्योहारों के मौसम में होने वाली खरीदारी से देश की अर्थव्यवस्था में मांग बढ़ती है। इससे छोटे दुकानदारों, श्रमिकों, परिवहन और सेवा क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को रोजगार मिलता है। कई समाजशास्त्रियों का कहना है कि आधुनिक व्यस्त जीवन में त्योहार परिवार और समुदाय को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। आज बहुत से लोग इसे किसी धार्मिक कट्टरता के बजाय केवल छुट्टी और पारिवारिक मिलन के अवसर के रूप में मनाते हैं। आज बहुजन समाज का एक बड़ा हिस्सा पारंपरिक उत्सवों के साथ-साथ अपने महापुरुषों की जयंतियों और स्थानीय लोक पर्वों को भी बड़े उत्साह से मनाता है, जिसे वे अपनी सांस्कृतिक पहचान और गौरव से जोड़कर देखते हैं। त्योहारों और कर्मकांडों के आर्थिक व सामाजिक बोझ से बचने के लिए बहुजन विचारकों और सामाजिक सुधारकों ने व्यावहारिक और तार्किक कदम उठाने के सुझाव दिए हैं। समाज में इस विषय पर दो मुख्य दृष्टिकोण हैं-एक जो पारंपरिक उत्सवों से पूरी तरह दूरी बनाकर वैकल्पिक संस्कृति अपनाने की बात करता है, और दूसरा जो अपनी जड़ों और सामूहिक खुशियों को सादगी के साथ बचाए रखने का पक्षधर है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं का सुझाव है कि खचीर्ले अनुष्ठानों के बजाय अंबेडकर जयंती, फुले जयंती, बुद्ध पूर्णिमा और संविधान दिवस जैसे अवसरों को सामूहिक रूप से मनाया जाए। इससे समाज में अपने इतिहास और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। अर्थशास्त्रियों और सुधारकों की सलाह है कि दिखावे या सामाजिक दबाव में आकर कर्ज लेकर खरीदारी न करें। त्योहारों पर बचने वाले पैसे को बच्चों की उच्च शिक्षा, कौशल विकास और छोटे व्यापार में निवेश करना चाहिए। किसी भी परंपरा या व्रत को अपनाने से पहले उसके पीछे के तर्क और वास्तविकता को परखने की बात कही जाती है। युवाओं को अंधविश्वास और भाग्यवाद से दूर रखकर विज्ञान और साहित्य पढ़ने के लिए प्रेरित करना एक प्रमुख कदम माना जाता है। परिवार और मोहल्ले में बुजुर्गों व महिलाओं के साथ विनम्रता से संवाद करके उन्हें रीति-रिवाजों के पीछे होने वाले आर्थिक नुकसान के बारे में समझाया जा सकता है। अचानक विरोध करने के बजाय धीरे-धीरे बदलाव लाना अधिक प्रभावी होता है।
कई समाजशास्त्रियों का मानना है कि पारंपरिक त्योहारों को पूरी तरह छोड़ने से व्यक्ति समाज या परिवार में अलग-थलग महसूस कर सकता है। इसके बजाय, बिना किसी कर्मकांड या फिजूलखर्ची के इन्हें केवल परिवार के साथ समय बिताने और आपसी भाईचारा बढ़ाने के अवसर के रूप में मनाया जा सकता है। कई विद्वान सुझाव देते हैं कि वंचित समाज को उन स्थानीय और आदिवासी पर्वों को संरक्षित रखना चाहिए जो फसल कटाई, प्रकृति और श्रम के सम्मान से जुड़े हैं, क्योंकि ये उनकी अपनी मौलिक संस्कृति का हिस्सा हैं। आने वाले समय में किसी भी उत्सव या आयोजन के लिए एक सख्त बजट बनाएं और तय करें कि आप केवल आवश्यक वस्तुओं पर ही खर्च करेंगे। उपहार के रूप में मिठाइयों या महंगी वस्तुओं के बजाय महापुरुषों की जीवनियां और ज्ञानवर्धक किताबें देने की शुरूआत करें। त्योहारों, रीति-रिवाजों और उनके सामाजिक प्रभावों के संदर्भ में बहुजन महिलाओं की भूमिका को लेकर समाजशास्त्रियों, नारीवादी विचारकों और पारंपरिक दृष्टिकोणों के बीच अलग-अलग विचार है। एक ओर सुधारवादी विचारक मानते हैं कि महिलाएं इन परंपराओं के माध्यम से अनावश्यक श्रम और मानसिक दबाव झेलती हैं, वहीं दूसरी ओर कई विद्वान उन्हें लोक संस्कृति और सामुदायिक एकजुटता की मुख्य संवाहक मानते हैं। बहुजन नारीवादी विचारकों के अनुसार, त्योहारों पर साफ-सफाई, पकवान बनाने और उपवास रखने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी महिलाओं पर होती है। मेहनत-मजदूरी करने वाली महिलाओं के लिए यह दोहरे शारीरिक श्रम और थकान का कारण बनता है।
आर्थिक निर्णय और बचत: सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि घर की अर्थव्यवस्था को संभालने में महिलाओं की भूमिका अहम होती है। जब महिलाएं रीति-रिवाजों और दिखावे के खर्चों पर नियंत्रण रखती हैं, तो वे उस पैसे को बच्चों की शिक्षा और परिवार के स्वास्थ्य पर लगा पाती हैं। सावित्रीबाई फुले और डॉ. अंबेडकर के विचारों से प्रेरित महिलाओं का तर्क है कि कई व्रत और अनुष्ठान महिलाओं की अधीनता को बढ़ावा देते हैं। उनके अनुसार, समाज में बदलाव तभी स्थायी होता है जब महिलाएं स्वयं तार्किक होकर इन रूढ़ियों से बाहर निकलती हैं। आज बड़ी संख्या में बहुजन महिलाएं सावित्रीबाई फुले जयंती, माता रमाबाई अंबेडकर जयंती और बुद्ध पूर्णिमा जैसे आयोजनों का नेतृत्व कर रही हैं, जिससे समाज में नई चेतना का संचार हो रहा है।
कई समाजशास्त्रियों का मानना है कि त्योहारों के दौरान महिलाएं ही परिवार, पड़ोस और रिश्तेदारों को आपस में जोड़े रखती हैं। उनके सामूहिक गीत, मेलजोल और रीति-रिवाज कठिन परिस्थितियों में भी उन्हें एक सामाजिक सुरक्षा और भावनात्मक सहारा देते हैं। पारंपरिक विद्वानों के अनुसार, ग्रामीण और आदिवासी समाजों में महिलाएं लोकगीतों, भित्तिचित्रों (जैसे मधुबनी या गोंड कला) और पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से अपनी मौलिक संस्कृति और इतिहास को अगली पीढ़ी तक पहुंचाती हैं। कई अध्ययनों में यह भी कहा गया है कि रोजमर्रा के जीवन में सामाजिक बाधाओं का सामना करने वाली महिलाओं को उत्सवों के आयोजन में अपनी रचनात्मकता और नेतृत्व दिखाने का अवसर मिलता है, जिससे उन्हें आत्मसंतुष्टि महसूस होती है।
बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर ने कहा था कि ‘हमें अपनी अलग पहचान बनाने की आवश्यकता है।’ इसके लिये पहले कदम के तौर पर हमें पाखंडी त्योहारों को त्यागकर केवल ये छ: त्यौहार ही मानने चाहिए :
1. 11 अप्रैल-महात्मा फुले जयन्ती
2. 14 अप्रैल-डॉ. अम्बेडकर जयंती
3. महान सम्राट अशोक जयंती (चैत्र
मास, शुक्लपक्ष, अष्टमी)
4. बुद्ध पुर्णिमा (बैशाख पूर्णिमा)
5. 14 अक्टूबर-धम्म परिवर्तन दिवस
6. 26 नवम्बर- संविधान दिवस
(मूलनिवासी अधिकार दिवस)
कहने को हमारा संविधान धर्म निरपेक्ष है लेकिन सरकार की कार्यशैली धर्म निरपेक्ष नजर नहीं आती। एक प्रदेश के मुख्यमंत्री तो केवल एक धर्म विशेष को आगे बढ़ाने में अपना व अपनी सरकार का समय व धन धड़ल्ले से बर्बाद कर रहे हैं। अनगिनत त्योहारों पर शांति व व्यवस्था बनाने के लिए सरकार का बहुत समय व धन बर्बाद होता है। कुछ त्योहारों को प्रायोजित करने पर सरकारें आर्थिक सहायता भी देने लगी हैं-जैसे कांवड के शिविर लगाना आदि। यह सब संविधान के स्वरूप के विरूद्ध हैं और सरकारें संविधान का खुला उल्लंघन कर रहीं है। सरकार का काम केवल शांति व व्यवस्था बनाना है न की किसी भी विशेष समुदाय/धर्म के त्योहार को बढ़ावा देना। इन त्योहारों और रस्म रिवाजों का देश के प्राकृतिक साधनों पर बहुत दबाव आता है। सरकार का तथा जनता का बहुत कीमती समय इन व्यर्थ के त्योहारों में बर्बाद होता है। कई त्योहारों जैसे दशहरा, गणेश चतुर्थी तथा होली आदि पर सैंकड़ो लोग मारे जाते हैं। जहां इन त्योहारों मेंं हम भारतीय अपना कीमती समय व धन बर्बाद करते हैं, वहीं दूसरे देश अपना उत्पादन कर देश की अर्थव्यवस्था को बल देते हैं। सारे तथ्यों और साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए अपना स्वाभिमान बनाने के लिए बहुजन समाज के लोगों को केवल उपरोक्त लिखित छ: त्योहार ही मनाने चाहिए। तथा साथ में बहुजन नायक और नायिकाओं की जन्म जयंती और स्मृति दिवस पर मेलों का आयोजन भी करना चाहिए और इन महापुरुषों की शिक्षाओं का समाज में प्रचार व प्रसार भी जोर-शोर से करना चाहिए।





| Monday - Saturday: 10:00 - 17:00 | |
|
Bahujan Swabhiman C-7/3, Yamuna Vihar, DELHI-110053, India |
|
|
(+91) 9958128129, (+91) 9910088048, (+91) 8448136717 |
|
| bahujanswabhimannews@gmail.com |