Saturday, 21st November 2026
Follow us on
Saturday, 21st November 2026
Follow us on

भारतीय संविधान की ऐतिहासिक गाथा और महत्व

News

2026-11-21 18:03:09

26 नवंबर 1949 का दिन आधुनिक भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। इसी दिन भारत की संविधान सभा ने स्वतंत्र भारत के संविधान को औपचारिक रूप से अंगीकृत (स्वीकार), अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। सदियों की गुलामी, सामाजिक विषमताओं और औपनिवेशिक शोषण के बाद, यह वह ऐतिहासिक क्षण था जब भारत के लोगों ने स्वयं को एक ऐसा सर्वोच्च विधान प्रदान किया, जिसने देश को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक और समतामूलक गणराज्य बनाने की नींव रखी। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2015 में डॉ. बी.आर. आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर इस ऐतिहासिक तिथि को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई, ताकि देश के नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना सदैव जीवित रहे।

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि: भारतीय संविधान का निर्माण किसी एक दिन की घटना नहीं थी, बल्कि यह दशकों चले स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक सुधार आंदोलनों और गहन बौद्धिक विमर्श का परिणाम था। कैबिनेट मिशन योजना के तहत वर्ष 1946 में संविधान सभा का गठन किया गया। 9 दिसंबर 1946 को संविधान सभा की पहली बैठक आयोजित हुई, जिसमें डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा को अस्थायी अध्यक्ष चुना गया और इसके दो दिन बाद 11 दिसंबर 1946 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद को संविधान सभा का स्थायी अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। 13 दिसंबर 1946 को पंडित जवाहरलाल नेहरू ने संविधान सभा में ऐतिहासिक उद्देश्य प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसने आगे चलकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का रूप लिया। स्वतंत्रता और देश के विभाजन के बाद, 29 अगस्त 1947 को संविधान सभा ने एक अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रारूप समिति का गठन किया और भारत के महान विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री एवं समाज सुधारक डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर को इसका अध्यक्ष नियुक्त किया। संविधान सभा ने कुल 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिनों तक कार्य किया। इस अवधि में कुल 11 सत्र आयोजित किए गए और 165 दिनों तक खुली बहसें हुईं। दुनिया के लगभग 60 देशों के संविधानों का गहन अध्ययन किया गया, उनमें से सर्वोत्तम तत्वों को भारत की परिस्थितियों के अनुरूप ढाला गया और संविधान के प्रारूप पर प्रस्तावित लगभग 7,635 संशोधनों में से 2,473 संशोधनों पर विस्तार से चर्चा कर उनका निस्तारण किया गया। 25 नवंबर 1949 को डॉ. बी.आर. आंबेडकर द्वारा दिए गए ऐतिहासिक और चेतावनी भरे समापन भाषण के अगले दिन, यानी 26 नवंबर 1949 की सुबह नई दिल्ली स्थित संसद भवन के केंद्रीय कक्ष (जिसे अब संविधान सदन कहा जाता है) में एक अभूतपूर्व उत्साह और गरिमा का वातावरण था। इस दिन की कार्यवाही की अध्यक्षता संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद कर रहे थे। प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. आंबेडकर द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रस्ताव—‘कि संविधान सभा द्वारा तैयार किए गए संविधान को पारित किया जाए’—पर मतदान होना था। प्रस्ताव पारित होने से पूर्व डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने अपना समापन वक्तव्य दिया। उन्होंने संविधान निर्माण की पूरी प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, अधिकारियों और विशेष रूप से प्रारूप समिति के सदस्यों की सराहना की। डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने डॉ. आंबेडकर के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि ‘मैंने महसूस किया है कि प्रारूप समिति के सदस्यों और विशेष रूप से इसके अध्यक्ष डॉ. आंबेडकर ने अपने खराब स्वास्थ्य के बावजूद जिस उत्साह और लगन के साथ काम किया है, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। उन्हें प्रारूप समिति में शामिल करने और इसका अध्यक्ष बनाने का हमारा निर्णय इससे अधिक सही नहीं हो सकता था। उन्होंने न केवल अपने चयन को सार्थक सिद्ध किया है, बल्कि अपने कार्यों को गौरव भी प्रदान किया है।’ इसके पश्चात, डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने संविधान को पारित करने का प्रस्ताव सभा के समक्ष रखा, जिसे संविधान सभा के सदस्यों ने सर्वसम्मति और हर्षोल्लास के साथ ध्वनिमत से पारित कर दिया। जैसे ही प्रस्ताव पारित हुआ, पूरा केंद्रीय कक्ष तालियों की गड़गड़ाहट और महात्मा गांधी की जय तथा भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक क्षण के साथ ही भारत का संविधान अंगीकृत कर लिया गया।

26 नवंबर का महत्व: 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत भारतीय संविधान केवल शासन चलाने की नियमावली नहीं है, बल्कि यह सदियों से चली आ रही सामाजिक व्यवस्था में एक शांत और लोकतांत्रिक क्रांति का दस्तावेज है। इसके दूरगामी प्रभावों को निम्नलिखित बिंदुओं के माध्यम से समझा जा सकता है:

1. असमानता का अंत और समानता की स्थापना

भारतीय समाज हजारों वर्षों से वर्ण और जाति व्यवस्था के कठोर नियमों से संचालित होता रहा था, जहाँ जन्म के आधार पर व्यक्ति के अधिकार और सम्मान तय होते थे। 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत संविधान ने अनुच्छेद 14 से 18 के माध्यम से कानून के समक्ष समानता, भेदभाव के निषेध, अवसर की समानता और अस्पृश्यता के उन्मूलन (अनुच्छेद 17) की घोषणा की। इसने सदियों से वंचित, शोषित और हाशिए पर खड़े करोड़ों लोगों को पहली बार बराबरी का नागरिक दर्जा प्रदान किया।

2. सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की क्रांति

जब दुनिया के कई विकसित और लोकतांत्रिक देशों में भी महिलाओं, अश्वेतों या गरीब वर्गों को वोट देने का अधिकार पाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा था, तब भारतीय संविधान ने बिना किसी जाति, धर्म, लिंग, शिक्षा या संपत्ति के भेदभाव के प्रत्येक वयस्क नागरिक को एक व्यक्ति, एक वोट और एक मूल्य का अधिकार दिया। यह विश्व इतिहास का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक प्रयोग था।

3. मौलिक अधिकारों की गारंटी

संविधान ने नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता, जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार तथा शोषण के विरुद्ध अधिकार प्रदान किए। इतना ही नहीं, अनुच्छेद 32 (जिसे डॉ. आंबेडकर ने संविधान का हृदय और आत्मा कहा) के माध्यम से इन अधिकारों के उल्लंघन होने पर सीधे सर्वोच्च न्यायालय जाने का संवैधानिक उपचार भी प्रदान किया।

4. सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व के सिद्धांत

संविधान निमार्ताओं ने यह समझा कि सदियों से पिछड़े वर्गों को केवल औपचारिक समानता देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए विशेष अवसरों की आवश्यकता है। इसी सोच के तहत अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए शिक्षा, रोजगार और विधायिका में प्रतिनिधित्व के प्रावधान किए गए।

5. धर्मनिरपेक्षता और बंधुत्व का आदर्श

विभाजन की विभीषिका और सांप्रदायिक हिंसा के कठिन दौर में तैयार किए गए इस संविधान ने भारत को किसी एक धर्म का राष्ट्र बनाने के बजाय एक धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया, जहाँ सभी धर्मों के नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान प्राप्त है। इसने विविधताओं से भरे देश को बंधुत्व के सूत्र में पिरोने का कार्य किया।

विधि दिवस से संविधान दिवस तक की यात्रा

26 नवंबर के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए वर्ष 1979 में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के बार एसोसिएशन और प्रसिद्ध विधिवेत्ता डॉ. लक्ष्मीमल सिंघवी की पहल पर इस दिन को राष्ट्रीय विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरूआत हुई थी। इसका उद्देश्य कानूनी बिरादरी और न्यायपालिका के बीच संविधान के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराना था। लेकिन समय के साथ यह महसूस किया गया कि संविधान केवल वकीलों, न्यायाधीशों और राजनेताओं का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के प्रत्येक सामान्य नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। इसी विचार के साथ, वर्ष 2015 में—जो कि संविधान के मुख्य शिल्पकार डॉ. बी.आर. आंबेडकर की 125वीं जयंती का वर्ष था—भारत सरकार ने 26 नवंबर को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस घोषित किया। तब से प्रतिवर्ष 26 नवंबर को देश भर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, न्यायालयों और सामाजिक संगठनों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाता है, संगोष्ठियाँ आयोजित की जाती हैं और संवैधानिक साक्षरता को बढ़ावा दिया जाता है।

समकालीन संदर्भ में 26 नवंबर 1949 की प्रासंगिकता

आज जब भारत अपनी संवैधानिक यात्रा के आठवें दशक में प्रवेश कर चुका है, तब 26 नवंबर 1949 की ऐतिहासिक घटना हमें केवल अतीत पर गर्व करने का ही नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का मूल्यांकन करने का भी अवसर देती है। संविधान की सफलता केवल सरकारों या न्यायालयों के कामकाज पर निर्भर नहीं करती, बल्कि यह इस बात पर निर्भर करती है कि देश के आम नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति कितने जागरूक हैं और अपने मूल कर्तव्यों का कितनी ईमानदारी से पालन करते हैं। जब भी समाज में भेदभाव, असहिष्णुता या अलोकतांत्रिक प्रवृत्तियाँ सिर उठाती हैं, तब 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत यही संविधान हमें मार्ग दिखाता है। यह हमें याद दिलाता है कि हम सबसे पहले और अंत में केवल भारतीय हैं, और हमारी असली ताकत हमारी विविधता, समानता और संवैधानिक मयार्दाओं में निहित है।

निष्कर्ष: 26 नवंबर 1949 केवल कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के पुनर्जन्म का दिन है। इस दिन भारत ने सामंती और औपनिवेशिक व्यवस्था को त्यागकर विधि के शासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाया। संविधान सभा के सदस्यों की दूरदर्शिता, विद्वता और त्याग के परिणामस्वरूप हमें जो संविधान मिला, उसने भारत को न केवल एकजुट रखा, बल्कि विश्व के सबसे बड़े जीवंत लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया। संविधान दिवस हमें यह संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है कि हम अपने पुरखों द्वारा सौंपे गए इस पवित्र दस्तावेज की रक्षा करेंगे और एक ऐसे भारत का निर्माण करेंगे जहाँ न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श हर नागरिक के जीवन की वास्तविकता बन सकें।

Post Your Comment here.
Characters allowed :
02 अक्टूबर (1869) : महात्मा गांधी जयंती

02 अक्टूबर (1904) : लाल बहादुर शास्त्री जयंती

02 अक्टूबर (1911) : मासूरिया दीन पासी जयंती

03 अक्टूबर (1957) : रिपब्लिकन पार्टी आॅफ इंडिया (आरपीआई) का विधिवत गठन (नागपुर प्रेसीडियम)

05 अक्टूबर (1968) : महाप्राण जोगेन्द्रनाथ मंडल स्मृति दिवस

06 अक्टूबर (1940) : डॉ. एस. पी. सुमनाक्षर जयंती

07 अक्टूबर (1951) : शिड्यूल्ड कास्ट्स फेडरेशन द्वारा प्रथम आम चुनाव हेतु घोषणा-पत्र जारी

09 अक्टूबर (1900) : फातिमा शेख स्मृति दिवस

09 अक्टूबर (2006) : मान्यवर कांशीराम जी का परिनिर्वाण दिवस

09 अक्टूबर (1924) : इमैनुअल सेकरन जयंती

13 अक्टूबर (1935) : नासिक के येवला सम्मेलन में डॉ. अम्बेडकर ने हिन्दू धर्म त्यागने की घोषणा की

14 अक्टूबर (1956) : ऐतिहासिक धम्मदीक्षा दिवस: नागपुर दीक्षाभूमि में बाबा साहब द्वारा लाखों अनुयायियों संग बौद्ध धम्म ग्रहण किया गया।

15 अक्टूबर (1902) : कर्मवीर दादासाहेब भाऊराव कृष्णराव (बी. के.) गायकवाड़ जयंती

15 अक्टूबर (1931) : डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जयंती

16 अक्टूबर (1956) : चंद्रपुर (महाराष्ट्र) में बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर ने अपने अनुयायियों को दी धम्मदीक्षा

19 अक्टूबर (1882) : महात्मा ज्योतिबा फुले द्वारा दलित वर्गों में निरक्षरता के बारे में हंटर कमिशन को दिया ज्ञापन

20 अक्टूबर (2026) : अशोक विजय दशमी

22 अक्टूबर (1947) : जनकवि अदम गोंडवी (रामनाथ सिंह) जयंती

25 अक्टूबर (1800) : लॉर्ड थॉमस बैबिंगटन मैकॉले जन्मदिवस

27 अक्टूबर (1920) : भारत के प्रथम दलित राष्ट्रपति के. आर. नारायणन जयंती

29 अक्टूबर (1912) : इंकलाबी कवि गुरदास आलम जन्म दिवस

31 अक्टूबर (2004) : त्यागमूर्ति आर.एल. चंदापुरी समृति दिवस

2026-10-12 16:07:19