




2026-03-07 14:59:07
नई दिल्ली। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने वित्तीय साल 2024-25 के लिए राष्ट्रीय दलों की इनकम जारी की। रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी की कुल आय 6,769.15 हैं। 6 राष्ट्रीय पार्टियों की आय का 85% हिस्सा अकेले भाजपा के पास है। देश के 6 प्रमुख राष्ट्रीय दलों भाजपा, कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई-एम), आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी की कुल आय 7,960 करोड़ रुपए दर्ज की गई है। वहीं पिछले साल की तुलना में राष्ट्रीय दलों की कुल आय में 41.35% की बढ़ोतरी हुई है। साल 2024-25 में बीजेपी की कुल आय 6,769.15 करोड़ रही, जो पिछले साल के मुकाबले 55.95% ज्यादा है। जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की इनकम में गिरावट देखी गई। कांग्रेस की आय 2023-24 में 1,230.73 करोड़ थी जो 2024-25 में घटकर 918.29 करोड़ रह गई है। यह पिछले साल से करीब 25.39% कम है। अन्य दलों में, आप ने 73.20% की कमाई में बढ़ोतरी हुई है। जबकि बीएसपी और सीपीआई-एम की आय में ज्यादा अंतर नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक राजनीतिक दलों के पास आने वाले पैसे का मुख्य स्रोत चंदा है। राष्ट्रीय पार्टियों की कुल आय का 85% से ज्यादा, यानी लगभग 6,772.53 करोड़, लोगों और संगठनों से मिले स्वैच्छिक चंदे से आया। इनमें भारतीय जनता पार्टी ने अपनी कुल आय का लगभग 90.48% हिस्सा चंदे से जुटाया। दूसरी ओर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने चंदे के अलावा कूपन बेचकर भी अच्छी कमाई की, जिससे पार्टी को करीब 350.05 करोड़ मिले। वहीं बहुजन समाज पार्टी ने अपनी रिपोर्ट में चंदे से कोई आय नहीं दिखाई। पार्टी की पूरी कमाई बैंक ब्याज और अन्य निवेशों से होने की बात कही गई है।
कांग्रेस ने 1111 करोड़ खर्च किए
पैसे खर्च करने के मामले में भी पार्टियों के बीच बड़ा अंतर दिखता है। छह राष्ट्रीय दलों ने मिलकर कुल 4,710.27 करोड़ खर्च किए। इनमें भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार और प्रशासनिक कामों पर 3,335.37 करोड़ खर्च किए, जो उसकी कुल आय का आधा भी नहीं है। वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की कमाई 918.29 करोड़ रही, लेकिन पार्टी ने कुल 1,111.95 करोड़ खर्च कर दिए। यानी कांग्रेस ने अपनी आय से करीब 193.66 करोड़ ज्यादा खर्च किया। सीपीआई-एम ने भी अपनी आय का लगभग 84% खर्च कर दिया। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने अपनी आय का बड़ा हिस्सा भविष्य के लिए बचाकर रखा है।





| Monday - Saturday: 10:00 - 17:00 | |
|
Bahujan Swabhiman C-7/3, Yamuna Vihar, DELHI-110053, India |
|
|
(+91) 9958128129, (+91) 9910088048, (+91) 8448136717 |
|
| bahujanswabhimannews@gmail.com |